एक माह से फरार कोयला हेराफेरी का आरोपी गिरफ्तार
हिर्री पुलिस ने रिजवान खान को दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। कोयला हेराफेरी के बहुचर्चित मामले में एक माह से फरार चल रहे आरोपी को हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी रिजवान खान को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामला थाना हिर्री क्षेत्र अंतर्गत पेंड्रीडीह डिपो खदान का है, जहां उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की हेराफेरी का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में धारा 316(3), 317(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आशीष केसरी Ashish Kesari ने थाना हिर्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। शिकायत में बताया गया कि एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की कोयला खदान से उच्च गुणवत्ता का कोयला ट्रेलरों में लोड कर Gopal Sponge and Power Private Limited, सिलतरा भेजा जा रहा था।
आरोप है कि रास्ते में पेंड्रीडीह के पास आरोपी गंगा साहू और रिजवान खान ने ट्रेलरों को रुकवाकर उनमें लोड उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में से लगभग पांच-पांच टन कोयला उतरवा लिया। इसके बाद उसकी जगह कम गुणवत्ता वाला 4700 GCV कोयला भरकर ट्रेलरों को गंतव्य तक भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की गई थी, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की अवैध हेराफेरी कर आर्थिक लाभ अर्जित किया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Rajnesh Singh, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण Madhulika Singh तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा Noopur Upadhyay के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने पहले ही आरोपी नरेश कुमार अग्रवाल, वाहन स्वामी गंगा प्रसाद साहू तथा वाहन चालकों फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर 25 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
घटना के बाद से मुख्य आरोपी रिजवान खान फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार मंगलवार 30 जून को हिर्री पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कोयला हेराफेरी नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

