शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरक्षक गिरफ्तार

0
IMG-20260703-WA0600

तीन साल तक करता रहा शारीरिक शोषण, शादीशुदा होने की बात छिपाई; बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर से खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में आरक्षक सुमंत मिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक पूर्व में तखतपुर थाने में पदस्थ था और वर्तमान में बिलासपुर लाइन अटैच बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान आरक्षक सुमंत मिरी से हुई थी। शुरुआती बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि आरक्षक ने युवती को शादी का भरोसा देकर अपने विश्वास में लिया और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार तीन वर्षों तक शादी का वादा कर उसका यौन शोषण करता रहा। इस दौरान उसका स्थानांतरण बिलासपुर हो गया, लेकिन वह युवती से संपर्क बनाए रखते हुए लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।

NTPC World Environment Day

शादीशुदा और दो बच्चों का पिता निकला आरोपी

मामले की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी आरक्षक पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि उसने अपनी वैवाहिक स्थिति पूरी तरह छिपाकर युवती को धोखे में रखा और उसका फायदा उठाया।

यह खुलासा होने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। पुलिस इसे विश्वासघात और धोखाधड़ी से जुड़े गंभीर आरोपों के रूप में भी देख रही है।

शादी की बात पर बदल गया व्यवहार

पीड़िता के अनुसार जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तब आरक्षक का व्यवहार अचानक बदल गया। वह विवाद करने लगा और युवती से दूरी बनाने लगा।

आरोपी के बदले रवैये और सच्चाई सामने आने के बाद युवती को एहसास हुआ कि उसके साथ लंबे समय से छल किया जा रहा था।

थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

धोखे का पता चलने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तखतपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और प्रारंभिक साक्ष्यों व पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने की पुष्टि

तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की शिकायत पर आरक्षक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा—

“आरक्षक के खिलाफ युवती द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।”

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग की छवि को धूमिल करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पुलिस विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!