महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
सुनसान स्थान का फायदा उठाकर वारदात को दिया था अंजाम, बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर सुनसान स्थान पर उसके साथ छेड़छाड़ की थी। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता काम से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम डोंगरी निवासी रामेश्वर उर्फ परमेश्वर (39 वर्ष) ने सुनसान स्थान पर महिला को रोककर उसकी बेइज्जती करने की नीयत से छेड़छाड़ की। घटना से घबराई पीड़िता ने थाना बलौदा पहुंचकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 एवं 75(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी रामेश्वर उर्फ परमेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को, आरक्षक सुमित श्रीवास एवं जयराम बिझवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

