सीएम हेल्पलाइन बनी उम्मीद की नई राह,व्हीलचेयर मिलने से पटरी पर लौटी नूतन की जिंदगी
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किये गये सीएम हेल्पलाइन 1076 से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है।सीएम हेल्पलाइन से बलौदाबाजार के दिव्यांग नूतन कुमार रजक को व्हीलचेयर मिला जिससे उनके कई कार्य आसान हो गए हैं।
ग्राम अर्जुनी स्थित बजरंग चौक शीतला मंदिर के पास रहने वाले 32 वर्षीय नूतन कुमार रजक का जीवन वर्ष 2025 में एक सड़क दुर्घटना के बाद पूरी तरह बदल गया। हादसा इतना गंभीर था कि उनके दोनों पैर काटने पड़े। इस घटना ने न केवल उनकी शारीरिक क्षमता छीन ली, बल्कि घर से लगे छोटे से जनरल स्टोर तक पहुंचना भी उनके लिए बेहद कठिन हो गया। रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी दूसरों की मदद के बिना संभव नहीं रह गए। ऐसे कठिन समय में एक दिन उन्होंने समाचार पत्र में सीएम हेल्पलाइन के बारे में पढ़ा। उनके मन में उम्मीद जगी कि शायद उनकी समस्या का भी समाधान इस माध्यम से हो सके। उन्होंने बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1076 पर संपर्क किया। वहां उनकी बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी गई तथा उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक सप्ताह के भीतर उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी। व्हीलचेयर मिलने से अब नूतन कुमार रजक के लिए अपने जनरल स्टोर तक पहुंचना आसान हो गया है और वे फिर से आत्मविश्वास के साथ अपना काम संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए केवल एक व्हीलचेयर नहीं, बल्कि नई जिंदगी और आत्मनिर्भरता की शुरुआत है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने वाला एक प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम बन गया है, जिसने उनके जीवन में फिर से उम्मीद की रोशनी जगा दी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


