एक ही छत के नीचे मिल रही जनकल्याणकारी सेवाएं, सूरजपुर में तीन दिवसीय वृहद शिविर शुरू
पहले ही दिन 4,793 हितग्राहियों ने उठाया लाभ
आयुष्मान कार्ड, आधार, आभा आईडी सहित अनेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध
रायपुर । प्रत्येक पात्र नागरिक तक शासन की जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय वृहद जनसेवा शिविरों का शुभारंभ किया गया। पहले ही दिन जिलेभर में आयोजित शिविरों में 4,793 हितग्राहियों ने विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविरों में नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदन कार्ड, आधार नामांकन, आभा आईडी, एग्री स्टैक किसान पंजीयन, श्रमिक केवाईसी तथा विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और योजनाओं का लाभ सरल एवं समयबद्ध तरीके से मिल रहा है।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के सभी विकासखंडों में निर्धारित स्थलों पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रियाएं त्वरित रूप से पूरी कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दिवस शाम 5 बजे तक 2,100 आयुष्मान कार्ड, 339 आयुष्मान वय वंदन कार्ड, 2,100 आभा आईडी तथा 254 आधार नामांकन किए गए। इसके अलावा एग्री स्टैक किसान पंजीयन, श्रमिक केवाईसी एवं विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य भी निरंतर जारी रहा।
सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 18 जुलाई तक अपने निकटतम शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक हितग्राही को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

