10 माह बाद डीजल चोरी का फरार ड्राइवर पंजाब से गिरफ्तार
577 लीटर डीजल चोरी और ट्रकों के टायर बदलने के मामले में चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी के बहुचर्चित मामले में थाना चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 माह से फरार चल रहे आरोपी चालक को पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (55 वर्ष), निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
577 लीटर डीजल चोरी कर बदले गए थे ट्रकों के टायर
पुलिस के अनुसार, आशीर्वाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी, निवासी बिल्हा ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि कंपनी के दो ट्रक क्रमांक CG-10-BY-9976 एवं CG-10-BS-9435 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन दोनों ट्रकों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली, जबकि दोनों चालकों के मोबाइल फोन बंद थे।
30 सितंबर 2025 को मौके पर पहुंचने पर ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे मिले। जांच में दोनों वाहनों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी होना पाया गया। इसके अलावा ट्रकों के टायर भी बदल दिए गए थे।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 451/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अमृतसर से दबोचा गया फरार आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रंजीत सिंह अमृतसर में मौजूद है। इसके बाद थाना चांपा पुलिस की टीम पंजाब रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा लाई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरे आरोपी की हो चुकी है मृत्यु
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस मामले का दूसरा आरोपी राजू सिंह (26 वर्ष), निवासी चांविंदा देवी, थाना मंजीठा, जिला अमृतसर (पंजाब) की मृत्यु हो चुकी है।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर तथा आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

