प्रधानमंत्री आवास योजना: देवगांव के संतोषी पटेल का पक्के घर का सपना हुआ साकार
अब सुरक्षित घर में सम्मान और सुकून के साथ बीत रहा जीवन: संतोषी पटेल
रायपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार बन रही है। योजना के माध्यम से ऐसे हजारों परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो रहा है, जो कभी कच्चे और असुरक्षित मकानों में रहने को मजबूर थे। यह योजना आज आवास निर्माण के साथ ही ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और समृद्धि का नया अध्याय लिख रही है। जिले में ऐसे अनेक परिवार इस योजना से लाभान्वित होकर खुशहाल जीवन की ओर अग्रसर हैं।

इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम देवगांव की श्रीमती संतोषी पटेल की जिंदगी भी प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरी तरह बदल गई है। कभी बारिश के मौसम में टपकती छत, दीवारों में दरारें और हर पल चिंता के बीच जीवन बिताने वाला उनका परिवार आज अपने पक्के, सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में सम्मानपूर्वक रह रहा है। संतोषी पटेल के बेटे अंकुश ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दिनों में घर में पानी भर जाता था और परिवार को रातभर जागकर समय बिताना पड़ता था। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी और हर मौसम अपने साथ नई परेशानियां लेकर आता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास मिलने के बाद उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ। अब परिवार को सुरक्षित छत, स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन की सुविधा मिल रही है। बच्चों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिला है और पूरे परिवार में भविष्य को लेकर नया आत्मविश्वास जागा है।
संतोषी पटेल ने बताया कि यह घर केवल ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा, सम्मान और खुशियों का नया आधार है। अब उन्हें हर मौसम में किसी प्रकार की चिंता नहीं रहती और परिवार सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार को नया जीवन दिया है। आज उनका सपना साकार हो चुका है और वे आत्मसम्मान के साथ अपने पक्के घर में रह रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

