‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान से हरित भविष्य का संकल्प होगा और मजबूत : वन मंत्री केदार कश्यप
जिला स्तरीय वन महोत्सव में 630 पौधों का हुआ रोपण, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने सभी पौधों को लिया गोद
वन विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को 35.98 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित
रायपुर । वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को जगदलपुर स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव-2026 तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
पौधारोपण केवल अभियान नहीं, भविष्य की सुरक्षा का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अनूठा माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज की सक्रिय भागीदारी से ही हरित छत्तीसगढ़ और समृद्ध बस्तर के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

1.5 एकड़ क्षेत्र में लगाए गए 630 फलदार और छायादार पौधे
वन महोत्सव के दौरान शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के लगभग 1.5 एकड़ क्षेत्र में 630 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के बाद ‘ग्रीन कैनवास’ अभियान के तहत वन मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हस्ताक्षर किए तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दोहराया।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने सभी पौधों को लिया गोद
कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, बस्तर ने रोपे गए सभी 630 पौधों को गोद लेकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली। वन मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बनें और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, छाया तथा बेहतर पर्यावरण प्रदान करें।
वन विभाग की योजनाओं से हितग्राहियों को मिली आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में वन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को 35.98 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि एवं डमी चेक वितरित किए गए। लाभान्वित योजनाओं में तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजना, प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मालिक मकबूजा योजना, किसान वृक्ष मित्र योजना तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व राहत योजना शामिल रहीं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनकी आजीविका और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
वन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वनवासियों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और किसानों के हितों की रक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिवार के सदस्य, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न पर्यावरण संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

