मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में 206 युवा भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े
रायपुर में आयोजित सदस्यता अभियान में मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बताया अहम
रायपुर । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रायपुर शहर जिला द्वारा आयोजित सदस्यता अभियान के तहत रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में 206 युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो रायपुर शहर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी नव-सदस्यों का भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को नई गति और ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने नवसदस्यों से संगठन की विचारधारा, रीति-नीति और जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा युवाओं को नेतृत्व और समाजसेवा के अवसर प्रदान करती रही है। बड़ी संख्या में युवाओं का संगठन से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि युवा वर्ग राष्ट्रहित और विकास की राजनीति के प्रति विश्वास व्यक्त कर रहा है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी ने कार्यक्रम में शामिल सभी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि 206 युवाओं के संगठन से जुड़ने से भाजयुमो और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्य संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवसदस्यों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। समारोह उत्साहपूर्ण एवं संगठनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

