नीट परीक्षा विवाद को लेकर बिलासपुर में युवाओं का जनआक्रोश, गांधी चौक से सिम्स चौक तक निकाली रैली

0
IMG-20260727-WA0074

एनटीए को भंग करने की मांग, परीक्षा व्यवस्था में सुधार तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान

बिलासपुर । नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक प्रकरण तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नागरिकों पर दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिलासपुर में सैकड़ों विद्यार्थियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों ने जन आक्रोश रैली निकाली। गांधी चौक से प्रारंभ हुई यह रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सिम्स चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ इसका समापन किया गया।

रैली की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी गांधी चौक से जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली, गोलबाजार और सदर बाजार होते हुए सिम्स चौक पहुंचे। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन करते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की।

सिम्स चौक पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने रैली को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद आयोजकों ने पुलिस अधिकारियों के अनुरोध का सम्मान करते हुए वहीं रैली का समापन करने का निर्णय लिया। समापन से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर अपनी एकजुटता और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

NTPC World Environment Day

प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। रैली में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों के मुद्दों को लेकर किए जा रहे आंदोलनों ने पूरे देश में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर बहस छेड़ी है।

रैली में शामिल वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार होने तक समय-समय पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने छात्रों से संगठित रहकर शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों एवं शहरवासियों ने भाग लिया। रैली मार्ग के दोनों ओर मौजूद लोगों ने भी बाहर निकलकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। आयोजकों के अनुसार आगामी कार्यक्रमों के तहत रायपुर में भी आंदोलन में शामिल होने की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।

इस जनआक्रोश रैली के आयोजन में अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला, कुणाल रामटेके, नन्द कश्यप, प्रथमेश मिश्रा, प्रशांत ठाकुर, शशांक देवांगन, सूर्या शर्मा, अकरम, राजिक अली, सूरज साहू, लोकेश उइके, पूजा उइके, रजनीश श्रीवास्तव, आदर्श, प्रज्ञा मेश्राम, विवेक यादव, परदेसी रात्रे, छोटू ध्रुव, जैरी हेनरी, खालिद खान, सज्जू खान, जसबीर सिंह चावला, असीम तिवारी, कमलेश लौहरात्रे, सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!