ज्वेलर्स में डकैती प्रयास एवं गोलीकाण्ड घटना के दो आरोपी जेल दाखिल।



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
धमतरी । तत्परता , तकनीकी दक्षता एवं साहसिक कार्यवाही के चलते सिटी कोतवाली पुलिस ने बरड़िया ज्वेलर्स में डकैती प्रयास एवं गोलीकाण्ड की घटना को अंजाम देकर फरार हुये दो कुख्यात अंतर्राज्यीय आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण का एक अन्य आरोपी फरार है , जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
एसपी आफिस के कांफ्रेंस हाल में इस डकैती प्रयास एवं गोलीकाण्ड का खुलासा करते हुये पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि विगत माह 13 मई 2025 को रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे रायपुर रोड, धमतरी स्थित बरड़िया ज्वेलर्स में दो नकाबपोश व्यक्ति दुकान के अंदर घुसे। दुकान का शटर बंद कर संचालक भंवरलाल बरड़िया को पिस्टल दिखाकर डराते – धमकाते हुये उन्होंने लूट का प्रयास किया। इसी दौरान संचालक की पुत्री आवाज सुनकर दुकान में पहुंची , जिसे आरोपियों ने पिस्टल से फायर कर घायल कर दिया और शटर खोलकर फरार हो गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 123/25 धारा 331(8) , 109(1) , 3(5) बीएनएस एवं 25 , 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार स्वयं घटनास्थल पहुंचे तथा तत्काल विशेष टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किये। उनके मार्गदर्शन में सायबर सेल एवं थाना सिटी कोतवाली धमतरी की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीमों ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों , सरहदी जिलों , मुख्य मार्गों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी फूटेज का सूक्ष्म अध्ययन किया। संदेही व्यक्तियों के फोटो/क्लिप सर्कुलेट कर मुखबिर लगाये गये और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें गोवा (महाराष्ट्र) , नागपुर (महाराष्ट्र) और रायगढ़ (छत्तीसगढ़) रवाना की गईं। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर गोवा से भिंड (मध्यप्रदेश) भाग रहे आरोपी को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कुंअर सिंह बताया और दो अन्य साथियों के साथ वारदात करना कबूल किया। वहीं दूसरी टीम ने रायगढ़ (छग) से संदेही को पकड़ा , जिसने अपना नाम अमरपाल बताया और उसने भी तीनों के शामिल होने की पुष्टि की। आरोपियों ने बताया कि तीनों जिला भिंड (मध्यप्रदेश) के निवासी हैं और ट्रक ड्राइवर के रूप में फ्लाई ऐश लेकर धमतरी आते-जाते थे। धमतरी में लगातार आवाजाही के कारण उन्होंने ज्वेलर्स दुकान को निशाने पर लिया और पूर्व-योजना के अनुसार घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते हुये विभिन्न राज्यों में छिपते रहे तथा अपनी पहचान छुपाने के लिये बार-बार मोबाइल भी बदलते और मोबाइल बंद करते रहे। वे मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी लेते हुये पुलिस से बचने का प्रयास करते रहे। अंतत: पुलिस टीमों ने नये सिरे से सुव्यवस्थित रणनीति बनाकर अथक प्रयास करते हुये आरोपियों तक पहुँचने में सफलता प्राप्त की। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण का एक अन्य आरोपी फरार है , जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
जप्त मशरूका –
एक नग एयर पिस्टल एवं उनके छर्रे।
गिरफ्तार आरोपीगण –
कुंअर सिंह भदोरिया पिता रामकुमार भदोरिया उम्र 31 वर्ष निवासी – इंगुरी , जिला – भिंड (मध्यप्रदेश) और अमरपाल सिंह पिता धर्मेंद्र सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी – मसूरी लहर , जिला – भिंड (मध्यप्रदेश)।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

