नौकरी लगाने के नाम पर ठगी और मानसिक प्रताड़ना से युवक ने की आत्महत्या, मामा-मामी गिरफ्तार

0
IMG-20260727-WA0864

बिलासपुर। मस्तूरी थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेकर मानसिक प्रताड़ना देने और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मृतक युवक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल साहू (22 वर्ष) निवासी ग्राम हिरी, थाना मस्तूरी ने 9 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली थी। मामले की मर्ग जांच के दौरान मृतक की मां संतोषी साहू, पिता रमेश साहू और बहन के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि राहुल को शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44 वर्ष) एवं मामी अम्बिका वैष्णव (35 वर्ष) निवासी लिमतरा, पहरीपारा ने रिश्तेदारी का विश्वास दिलाकर रुपये लिए थे।

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी तो राहुल साहू कई बार अपने पैसे वापस मांगने गया। आरोप है कि 9 मार्च 2026 को भी रुपये मांगने पहुंचने पर उसकी मामी ने उसे धमकी दी कि यदि वह बार-बार पैसे मांगने आया तो रुपये नहीं मिलेंगे और उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी से राहुल बुरी तरह भयभीत और मानसिक रूप से परेशान हो गया था। उसने घर लौटकर पूरी घटना अपने पिता को बताई थी।

NTPC World Environment Day

मर्ग जांच में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2025 से आरोपी दंपति द्वारा राहुल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी के भय के कारण राहुल ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को 27 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!