कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव : राजेश अग्रवाल
महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
रायपुर । कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
अग्रवाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्नैच में 88 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम तथा कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया है। यह उपलब्धि उनकी कठोर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और अदम्य आत्मविश्वास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर ज्ञानेश्वरी यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और अथक परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
अग्रवाल ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर विश्वस्तरीय मंच पर सफलता अर्जित कर यह सिद्ध किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत और छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम उपलब्धियां अर्जित करेंगी। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करती हैं तथा खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव का यह रजत पदक आने वाले समय में प्रदेश के अनेक युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का आधार बनेगा और उन्हें देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

