बारिश में डिवाइडर बना मौत का जाल: खुले बिजली तार से दौड़ा करंट, मवेशी की मौत; पहले भी जा चुकी है महिला की जान

0
Screenshot_20260728_195612

मुंगेली। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के टाइल्स वर्ल्ड के सामने सड़क के डिवाइडर में लगे विद्युत खंभे के खुले तार में करंट प्रवाहित होने से एक मवेशी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार बारिश के चलते डिवाइडर और उसके आसपास पानी भर गया था। इसी दौरान डिवाइडर में लगे बिजली के खंभे के खुले तार से करंट फैल गया। वहां पहुंचे एक मवेशी के करंट की चपेट में आते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अन्य लोगों को उस स्थान से दूर रहने की चेतावनी दी, जिससे कोई बड़ा हादसा टल सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस स्थान पर करंट फैलने की घटना हुई हो। मिली जानकारी के अनुसार करीब दो से तीन वर्ष पूर्व भी एक महिला डिवाइडर पर फूल तोड़ने गई थी, जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। हालांकि इस पुराने मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसके बावजूद सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए गए, जिससे एक बार फिर हादसा हो गया।

NTPC World Environment Day

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में खुले विद्युत तार और क्षतिग्रस्त स्ट्रीट लाइट पोल किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकते हैं। यदि इस बार कोई राहगीर, बच्चा या दोपहिया वाहन चालक करंट की चपेट में आ जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय नागरिकों ने तत्काल नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद नगर पालिका की ओर से संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजने, मृत मवेशी को हटाने तथा बिजली आपूर्ति बंद कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद संबंधित विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शहर के सभी डिवाइडरों, स्ट्रीट लाइट पोल और विद्युत खंभों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही जहां-जहां खुले तार या विद्युत रिसाव की आशंका हो, वहां तत्काल मरम्मत कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भविष्य में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

फिलहाल करंट आने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, शहरवासियों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!