उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह बना आत्मनिर्भरता की नई पहचान
शासन के सहयोग से महिलाओं को मिला स्वरोजगार, 15 दिनों में लगभग 30 हजार रुपए की आय अर्जित
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए संचालित विभिन्न योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन्हीं प्रयासों का सशक्त उदाहरण मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखंड में संचालित उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह है, जो आज महिलाओं के लिए सम्मानजनक आजीविका और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बन गया है।

11 महिलाएं मिलकर लिख रही हैं आत्मनिर्भरता की नई कहानी
उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह से जुड़ी 11 महिलाएं ब्लाउज, सूट, पेटीकोट, पिको-फॉल, फ्रॉक, पटियाला, बैग सहित विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई एवं फैशन डिजाइनिंग का कार्य कर रही हैं। समूह स्थानीय दुकानों से कपड़े लेकर सिलाई का कार्य भी कर रहा है, जिससे महिलाओं की आय में लगातार वृद्धि हो रही है।

शासन की आर्थिक सहायता से मिला स्वरोजगार को नया विस्तार
समूह को स्वरोजगार के लिए शासन द्वारा मुख्यमंत्री कोष से 2 लाख 80 हजार रुपये तथा ग्राम संगठन के माध्यम से 1 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस आर्थिक सहयोग से महिलाओं ने आधुनिक सिलाई एवं फैशन बुटीक की शुरुआत की और अपने हुनर को व्यवसाय का रूप दिया।
15 दिनों में लगभग 30 हजार रुपए की आय
समूह की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बंजारे ने बताया कि संस्थान की शुरुआत 14 जुलाई 2026 को हुई थी। समूह की महिलाओं की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण कार्य के कारण मात्र 15 दिनों में लगभग 30 हजार रुपये की आय अर्जित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शासन की योजनाओं से मिले सहयोग और समूह की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
कौशल विकास से जुड़ रही हैं अन्य महिलाएं भी
श्रीमती रेखा बंजारे ने बताया कि पहले समूह की अधिकांश महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन आज वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। संस्थान में सिलाई, बुटीक एवं फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।
महिलाओं ने जताया मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार समूह की महिलाओं ने कहा कि शासन की योजनाओं से मिले आर्थिक सहयोग ने उन्हें सम्मानजनक आजीविका और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके जीवन में आर्थिक और सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार बना है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
