दृष्टिबाधित योगेश जंघेल को मिली स्मार्ट छड़ी, जिला प्रशासन की पहल से मिला सहारा
रायपुर । खैरागढ़ जिले के खैरा नवापारा निवासी 100 प्रतिशत दृष्टिबाधित योगेश जंघेल की समस्या का जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया। दृष्टिबाधिता के कारण उन्हें आवागमन एवं दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इस पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें स्मार्ट छड़ी उपलब्ध कराई गई।
अपर कलेक्टर श्रीमती सुमन राज ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से योगेश जंघेल को स्मार्ट छड़ी प्रदान की। यह उपकरण दृष्टिबाधित व्यक्तियों को सुरक्षित एवं सहज आवागमन में सहायता प्रदान करता है। स्मार्ट छड़ी मिलने से अब योगेश जंघेल को आने-जाने में सुविधा होगी तथा वे अपने दैनिक कार्य अधिक आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे।

स्मार्ट छड़ी प्राप्त करने पर योगेश जंघेल ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और उन्हें स्वतंत्र रूप से आवागमन करने में काफी सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल भी उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
