नशीली दवा खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 1140 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, स्कूटी, बाइक व मोबाइल जब्त
जांजगीर । जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्प्राजोलम टैबलेट की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1140 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट, दो मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1.63 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) एवं 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि चर्च मैदान के पास एक युवक स्कूटी में नशीली गोलियां रखकर ग्राहकों को बेच रहा है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर अमित चतुर्वेदी (35 वर्ष), निवासी बीटीआई चौक, बीएसएनएल कार्यालय के पास, जांजगीर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 650 नग अल्प्राजोलम 0.5 एमजी टैबलेट, एक मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने यह नशीली दवा रूपेश गिरी गोस्वामी (30 वर्ष), निवासी ग्राम धाराशिव, थाना पामगढ़ से ली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर रूपेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 490 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
दोनों आरोपियों से कुल 1140 नशीली टैबलेट, दो मोबाइल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। नशीली दवाओं के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन सूर्यवंशी, उप निरीक्षक अरुण सिंह, मुकेश कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, रोहित कहरा, माखन साहू तथा आरक्षक शंकर राजपूत और तोरन डहरिया सहित कोतवाली एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
