एसईसीएल मुख्यालय के पांच कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई
शाल, श्रीफल, पुष्पहार और समस्त भुगतान का चेक प्रदान कर किया सम्मानित, अधिकारियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
बिलासपुर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर से 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल, पुष्पहार एवं उनके समस्त सेवा संबंधी भुगतान का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

समारोह में योजना-परियोजना विभाग के मुख्य प्रबंधक (खनन) प्रसन्न कुमार निगम, खान सुरक्षा एवं बचाव विभाग के मुख्य प्रबंधक (खनन) सनत कुमार तिवारी, कंपनी सचिव सचिवालय के कार्यालय अधीक्षक (ए-1) राकेश कुमार सरकार, केंद्रीय आवक-जावक विभाग के कार्यालय अधीक्षक सूर्यकांत पाण्डेय तथा सुरक्षा विभाग के सहायक सुरक्षा उपनिरीक्षक रामजी पाण्डेय को उनके लंबे एवं उल्लेखनीय सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

इस अवसर पर शीर्ष प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी की प्रगति और सफलता में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्षों तक निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ निभाई गई सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल पारिवारिक जीवन की कामना करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एसईसीएल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान में कार्य करने का अनुभव हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और टीम भावना के साथ कार्य करने की संस्कृति रही है, जिसने उन्हें अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक (राजभाषा) सविता निर्मलकर ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। समारोह आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
