मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की टंगिया मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
मुंगेली/खुड़िया। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की धारदार टंगिया से हत्या करने के मामले में खुड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, चौकी खुड़िया क्षेत्र के ग्राम मौहामाचा निवासी बिशनू बैगा ने 30 जुलाई 2026 को चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा सतलू बैगा पिछले लगभग एक वर्ष से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमता रहता था तथा ग्रामीणों के घरों में भोजन मांगकर खा लेता था। कई बार वह लोगों से शराब मांगकर भी पी लिया करता था।

बताया गया कि 30 जुलाई की सुबह लगभग 4 बजे सतलू बैगा गांव के झंगलू बैगा के घर पहुंचा। वहां उसने भोजन मांगने के दौरान झंगलू बैगा की पत्नी चैती बाई का हाथ पकड़ लिया। पत्नी का हाथ पकड़ने की बात से झंगलू बैगा आक्रोशित हो गया और घर में रखी धारदार लोहे की टंगिया उठाकर सतलू बैगा के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सतलू बैगा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसका शव आरोपी के घर के आंगन में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी झंगलू बैगा (57 वर्ष), निवासी ग्राम मौहामाचा के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में खुड़िया पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार टंगिया बरामद कर विधिवत जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को 31 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर 1 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गणपति राव, चौकी प्रभारी खुड़िया सहायक उपनिरीक्षक दिलीप प्रभाकर, आरक्षक रामकुमार मार्को, संदीप रात्रे, वीरेंद्र राजपूत तथा परमेश्वर वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
