13 लाख रुपये से अधिक के गांजे के साथ दो महिलाएं समेत चार तस्कर गिरफ्तार, बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0
IMG-20260801-WA1049

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिर्रा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 26 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक कार तथा पायलटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 1 अगस्त को थाना बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की दिशा में एक कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है तथा उसके आगे एक मोटरसाइकिल पायलटिंग कर रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल को रोक लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में रखा गया 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार, मोटरसाइकिल और गांजा जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

NTPC World Environment Day

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 99/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी

  • विजय बघेल (22 वर्ष), निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर।
  • उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष), निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर।
  • भूरीबाई बघेल (55 वर्ष), निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती।
  • सव्या शर्मा (28 वर्ष), निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, जिला महासमुंद।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खरीद-बिक्री, परिवहन के नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, पीएसआई शामेष, एएसआई रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन तथा आरक्षक अर्जुन यादव, चंद्रशेखर ओगरे और वीरेंद्र कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!