RDA के चक्रवृद्धि ब्याज के नोटिस से कॉलोनीवासी नाराज, आज सौंपेंगे ज्ञापन
16 वर्षों से आवास में रह रहे लोगों ने ब्याज में 100 प्रतिशत छूट, सब्सिडी का लाभ और जर्जर भवनों की मरम्मत की उठाई मांग
रायपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवास विकास समिति, बोरियाखुर्द के कॉलोनीवासियों ने रविवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से कॉलोनीवासियों को जारी किए जा रहे नोटिस और चक्रवृद्धि ब्याज लगाए जाने के मुद्दे पर नाराजगी जताई गई। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे पिछले करीब 16 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं, ऐसे में ब्याज की राशि का अतिरिक्त भार उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
बैठक में कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ प्रवक्ता एवं युवा नेता डॉ. नेहाल खान को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कॉलोनीवासियों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए इनके निराकरण के लिए पहल करने की मांग रखी। इस दौरान समिति की ओर से डॉ. नेहाल खान का पुष्पहार से स्वागत किया गया।

ब्याज में 100 प्रतिशत छूट की मांग
बैठक में कॉलोनीवासियों ने RDA से ब्याज की राशि में 100 प्रतिशत छूट देने की मांग प्रमुखता से रखी। लोगों का कहना है कि लंबे समय से आवास में रहने के बावजूद अब चक्रवृद्धि ब्याज का अतिरिक्त भार डालना उनके लिए आर्थिक परेशानी बढ़ाने वाला है। उन्होंने शासन और संबंधित अधिकारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ब्याज राशि में राहत देने की मांग की।

इसके साथ ही केंद्र शासन की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की राशि का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिए जाने की मांग भी की गई। कॉलोनीवासियों का कहना है कि योजना के वास्तविक हितग्राहियों तक सब्सिडी का लाभ पहुंचना चाहिए।
जर्जर भवनों से हादसे का खतरा
बैठक में कॉलोनी की जर्जर इमारतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी की कई बिल्डिंगों की स्थिति बेहद खराब है। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में कॉलोनीवासियों ने सांसद, विधायक, प्रदेश के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों से तत्काल ध्यान देने तथा भवनों की मरम्मत कराने की मांग की।
गंदगी से बीमारी का खतरा
कॉलोनी में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी। रहवासियों ने बताया कि कई स्थानों पर गंदगी फैली हुई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने नियमित सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
सोमवार को RDA कार्यालय पहुंचेंगे रहवासी
बैठक में मौजूद महिलाओं और नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए निर्णय लिया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे कॉलोनी के समस्त निवासी RDA कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से ब्याज में छूट, सब्सिडी का लाभ, जर्जर भवनों की मरम्मत और साफ-सफाई सहित अन्य मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी।
बैठक में शेख शकील, डॉ. नेहाल खान, समिति के प्रकाश सोनी, सोनू खान, अशफाक भाई, आमिर खान, पुष्पा बुनकर, हैदर अली, निजाम अख्तर, संध्या पवार, हीरा देवांगन, जगमोहन निषाद, प्रियंका केवट, उमेश द्विवेदी, शमीमा बेगम, तरन्नुम बानो सहित सैकड़ों की संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
