अमरकंटक में हर घर तिरंगा अभियान के तहत धूमधाम से निकली भव्य एवं दिव्य तिरंगा यात्रा

0
IMG-20260812-WA1480

मां नर्मदा की पावन धरती पर गूंजे भारत माता के जयकारे, हजारों विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में बुधवार को आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य , दिव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया । मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक तक निकाली गई इस विशाल तिरंगा यात्रा में प्रशासन , शिक्षण संस्थानों , जनप्रतिनिधियों , सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली । पूरे नगर में भारत माता के जयकारे , वंदे मातरम् , जय हिंद और राष्ट्रभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही , जिससे अमरकंटक का वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया ।

NTPC World Environment Day

कार्यक्रम का शुभारंभ मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में राष्ट्रीय ध्वज को नमन एवं राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ हुआ । हाथों में तिरंगा लिए हजारों छात्र-छात्राएं , अनेक विद्यालय के शिक्षक , अधिकारी , कर्मचारी एवं नागरिक जब नगर की सड़कों पर एक साथ निकले तो तिरंगे की अनुपम छटा ने सभी का मन मोह लिया । यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों , नारों एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत संदेशों ने उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया ।
तिरंगा यात्रा में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय , पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल , कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन , कल्याणिका महाविद्यालय , सरस्वती शिशु मंदिर/उच्च मा विद्यालय , नवीन माध्यमिक शाला अमरकंटक , कन्या आश्रम , शासकीय माध्यमिक शाला बाराती हिंडालको तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । आकर्षक वेशभूषा में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया । विद्यालयों के प्राचार्य , शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षण स्टाफ भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे ।

रैली में शामिल विद्यार्थियों ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों , प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया । साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान , देशप्रेम , राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया । अभियान के अंतर्गत नागरिकों से हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सहभागिता दर्ज कराने की अपील भी की गई ।

यात्रा मार्ग पर अनेक स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया । महिलाओं , युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्र की एकता , अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की । नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों , जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया ।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट , नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उइके , अमरकंटक मंडल अध्यक्ष रोशन पनारिया , सांसद प्रतिनिधि प्रकाश द्विवेदी , विधायक प्रतिनिधि श्यामलाल सेन , मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते , थाना प्रभारी मानिम टोप्पो , पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्या श्रीमती अर्चना सिंह , पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल प्राचार्या अनुजा मिश्रा , शिक्षक जितेंद्र तिवारी , कल्याणिका महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामसेवक कुशवाहा , नायब तहसीलदार संतोष चौधरी , नायब तहसीलदार विनोद सिंह बरगाही , महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर मानसी खूंखार , इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी एवं प्राध्यापक , अमरकंटक पटवारी अश्वनी कुमार तिवारी , नर्मदा मंदिर के पुजारी अभिषेक द्विवेदी , कल्याण सेवा आश्रम से राजेंद्र विष्ट , नगर परिषद के पार्षदगण , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता , विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी , जनप्रतिनिधि , पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा भारत माता के जयकारों के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ । मां नर्मदा की पावन धरती पर आयोजित यह भव्य एवं दिव्य तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान , राष्ट्रभक्ति , सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आई । इस आयोजन ने युवाओं में देशप्रेम और राष्ट्र गौरव की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक सार्थक बना दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!