अमरकंटक में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी स्वामी शुकदेवानंद जी की आठवीं पुण्यतिथि
भजन-कीर्तन, हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का होगा आयोजन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में परम पूज्य अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन श्री 1008 स्वामी शुकदेवानंद जी महाराज की आठवीं पुण्यतिथि श्रद्धा , भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच 19 अगस्त 2026 दिन बुधवार को मनाई जाएगी । इस अवसर पर श्री यंत्र मंदिर परिसर सोनमुड़ा रोड अमरकंटक में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन आश्रम प्रांगण में किया जाएगा ।

श्री यंत्र मंदिर के अध्यक्ष श्री 108 स्वामी शरदपुरी जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पुण्यतिथि समारोह के अंतर्गत भजन-कीर्तन , हवन-पूजन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिष्य ,भक्त , श्रद्धालु , ब्राह्मण एवं संत-महात्मा शामिल होकर ब्रह्मलीन स्वामी शुकदेवानंद जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके आदर्शों और आध्यात्मिक संदेशों का स्मरण करेंगे ।
आश्रम से जुड़े संतोष सिंह , संदीप यादव , संजय गोयल ने बताया कि स्वामी शुकदेवानंद जी महाराज का संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक साधना , मानव सेवा , धर्म प्रचार और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा । उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से आज भी हजारों श्रद्धालु धर्म एवं सेवा के पथ पर अग्रसर हैं ।
पुण्यतिथि समारोह के दौरान भक्तजन स्वामी जी के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेंगे । आयोजकों ने अमरकंटक सहित आसपास के क्षेत्रों एवं दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यतिथि समारोह को सफल बनाने की अपील की है ।
यह आयोजन श्रद्धा , भक्ति और गुरु-स्मरण का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा , जहां संत परंपरा के प्रति आस्था और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
