नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
जिला कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की ली जानकारी
कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह, ब्यूरो कवर्धा
कवर्धा। नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग शाखाओं में पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा शासकीय कार्यों के संचालन की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों, विभागीय कार्यों तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से उनके दायित्वों और विभागीय गतिविधियों के संबंध में चर्चा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

अधिकारियों-कर्मचारियों से ली विभागीय योजनाओं की जानकारी
निरीक्षण के बाद कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें। जिले के विकास को गति देने के लिए उत्कृष्टता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका नियमानुसार समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान
कलेक्टर प्रजापति ने राजस्व विभाग के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों का समय पर निराकरण होने से उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, ताकि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
ई-फाइल के माध्यम से कार्य करने पर जोर
कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यों को अनिवार्य रूप से ई-फाइल के माध्यम से किए जाने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि कार्यालयीन अनुशासन के साथ कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभागीय कार्यों को गति दें और जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। बेहतर प्रशासन और प्रभावी सेवा वितरण के लिए विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, सागर सिंह राज, रामप्रसाद आचला, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, कवर्धा चेतन साहू, लोहारा शिल्पा देवांगन, बोड़ला आशुतोष शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रुचि शार्दूल, अधीक्षक राजेंद्र धुर्वे सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
