नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति पत्रकारों से हुईं रूबरू
शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह, ब्यूरो कवर्धा
कवर्धा। कबीरधाम जिले की नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू होकर जिले के विकास की प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए जिले में प्रशासन की कार्यप्रणाली और आगामी प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी साझा की।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर रहेगा जोर
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित आम नागरिकों से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन, मीडिया और जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जनता की समस्याओं को समझकर उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
मीडिया से प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेने की बात
नवपदस्थ कलेक्टर ने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। मीडिया के माध्यम से जिले की समस्याओं और आम जनता से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्रशासन तक पहुंचती हैं। ऐसी सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा जिले के विकास, जनसमस्याओं और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित जो भी विषय सामने लाए जाएंगे, उनका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना लक्ष्य
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को शासन द्वारा संचालित सेवाओं और योजनाओं का लाभ सुगमता एवं समय पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि कबीरधाम जिले के विकास को गति मिल सके और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
