नुक्कड़ नाटकों से गूंजेगी ‘सेवा’ की गाथा, इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर

0
IMG-20260909-WA1070

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन, योजनाओं और विकास कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित अपने आवास कार्यालय में अभियान के तहत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन एवं संस्कृति छत्तीसगढ़ शासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसेवा और विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि जनसेवा, जनभागीदारी और विकास के प्रति नागरिकों के विश्वास को मजबूत करने का व्यापक अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी, रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाया जाए, ताकि शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का संदेश प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक सहज और प्रभावशाली तरीके से पहुंच सके।

NTPC World Environment Day

उन्होंने अभियान में स्थानीय संस्कृति, लोककला, युवाओं और डिजिटल माध्यमों की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए संस्कृति और पर्यटन विभाग को आपसी समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

नुक्कड़ नाटकों से दिखाई जाएगी योजनाओं से बदलाव की कहानी

अभियान के दौरान संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के महाविद्यालयों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक केन्द्रों, पंचायतों सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और इन योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियों को रोचक एवं भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों में स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और प्रभावी संवादों का उपयोग किया जाएगा। योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों को प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। इससे सरकारी योजनाओं की जानकारी को महज औपचारिक प्रचार तक सीमित रखने के बजाय जनसंवाद और जनजागरूकता का माध्यम बनाने का प्रयास किया जाएगा।

महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में आयोजित होने वाली प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुतियां आयोजित कर आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर

अभियान के दौरान पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के इन्फ्लूएंसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और प्रदेश की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल करेगा।

इन्फ्लूएंसरों के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विकसित अधोसंरचना, पर्यटन सुविधाओं और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के साथ प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है।

डिजिटल माध्यमों की व्यापक पहुंच को देखते हुए इस पहल के जरिए युवाओं और सोशल मीडिया से जुड़े नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

एक महीने तक चलेंगी विभिन्न गतिविधियां

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देना है।

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इन गतिविधियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने, योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को जोड़ने तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

संस्कृति और पर्यटन से मिलेगा रचनात्मक विस्तार

बैठक में मंत्री राजेश अग्रवाल ने संस्कृति एवं पर्यटन विभाग से संबंधित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संस्कृति जनसंवाद का प्रभावी माध्यम है, जबकि पर्यटन प्रदेश की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इन दोनों माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को अधिक व्यापक और जनोन्मुखी बनाया जा सकता है।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अभियान की गतिविधियों में स्थानीय संस्कृति, लोक कलाओं, युवाओं और डिजिटल माध्यमों की सहभागिता को बढ़ावा दिया जाए, ताकि सेवा, विकास और जनभागीदारी का संदेश सहज, रचनात्मक एवं प्रभावशाली तरीके से आम नागरिकों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!