सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत सारागांव में विविध कार्यक्रम
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, दीप प्रज्वलन से दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश
जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे एक माह के सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत सारागांव में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में नगर पंचायत सारागांव के तत्वावधान में कुआं चौक स्थित गणेश पंडाल एवं किसान भवन में छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सेवा, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों से जुड़ी रंगोलियों ने आयोजन स्थल को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष छबिलाल सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष दिलीश्वर राठौर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामनारायण यादव सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार की गई रंगोलियों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।
प्रोत्साहन राशि और उपहार से बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें प्रोत्साहन राशि एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच विकसित होती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
चौक-चौराहों पर हुआ दीप प्रज्वलन
सेवा संकल्प अभियान के तहत संध्या समय नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की गई। अभियान में स्थानीय स्तर पर नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया।
महीनेभर जारी रहेंगी गतिविधियां
नगर पंचायत सारागांव में सेवा संकल्प अभियान के तहत महीनेभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। इनमें स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, नागरिक जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं। अभियान के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक ग्रेड-3 दीपचंद देवांगन ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं, नागरिकों एवं नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में नगर पंचायत की टीम एवं विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों की सहभागिता रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
