सेवा संकल्प अभियान से गांव में पहुंची विकास की रोशनी, 75 वर्षों का इंतजार हुआ खत्म
बिजली से बदली जिंदगी, सुशासन और जनकल्याण की संकल्पना हुई साकार
रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, सुशासन और जनकल्याण के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करते हुए मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम सम्बलपुर के ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई रोशनी जगाई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के ग्राम सम्बलपुर निवासी अनिल हिंडामी के परिवार के लिए बिजली का पहुंचना वर्षों से देखे जा रहे एक सपने के साकार होने जैसा है।

आजादी के बाद लगभग 75 वर्षों तक गांव में विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सूर्य ढलते ही गांव अंधेरे में डूब जाता था। बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई होती थी, मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता था तथा खेती सिंचाई के लिए डीजल पंप पर निर्भर थी। मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत गांव में ट्रांसफार्मर एवं विद्युत पोल स्थापित कर घरों तक बिजली पहुंचाई गई। अनिल हिंडामी के घर में पहली बार विद्युत मीटर, बोर्ड और बल्ब लगा, जिससे उनके परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया।

अब घर में पंखा और कूलर चल रहे हैं, रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध है और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है। मोबाइल चार्जिंग की सुविधा घर पर ही उपलब्ध होने के साथ ही मोटर पंप से सिंचाई शुरू होने से कृषि कार्य भी सुगम हुआ है। अनिल हिंडामी के लिए बिजली महज उजाले का साधन नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और नई संभावनाओं की रोशनी है। बिजली की सुविधा मिलने से शिक्षा, कृषि और दैनिक जीवन से जुड़ी जरूरतें आसान हुई हैं तथा विकास के नए अवसरों का रास्ता खुला है। ग्राम सम्बलपुर में बिजली की पहुंच ने वर्षों के अंधकार को दूर कर ग्रामीणों के जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और उम्मीद का नया उजाला भर दिया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
