मोबाइल चोरी कर UPI से 2.84 लाख रुपये निकालने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260927-WA0821

मदद के बहाने चुराया था मोबाइल, आधार की फोटो से स्क्रीन लॉक और UPI ऐप किया रिसेट; चकरभाठा पुलिस ने 75 हजार का सामान किया जब्त

बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने मोबाइल चोरी कर उसके जरिए ऑनलाइन बैंकिंग और यूपीआई के माध्यम से लाखों रुपये निकालने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन चोरी किए। इसके बाद मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार संबंधी जानकारी हासिल की और फोन-पे, पेटीएम आदि यूपीआई एप को आधार के माध्यम से रिसेट कर बैंक खातों से रकम निकाल ली।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों विवेक वर्मा, करन नायक, गौरी शंकर साहू उर्फ लालू और गगन उर्फ शिबू साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और नगद 15 हजार रुपये सहित करीब 75 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बारिश के दौरान मदद के बहाने चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर 2026 को थाना चकरभाठा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश के कारण वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसे पता चला कि वह सिम्स अस्पताल में भर्ती है और उसका दोस्त भी वहां मौजूद नहीं था।

NTPC World Environment Day

प्रार्थी का मोबाइल फोन भी गायब था। यह मोबाइल उसके तथा उसकी मां के बैंक खातों से लिंक था। तबीयत खराब होने के कारण घर लौटने के बाद उसने करीब दो-तीन दिन बाद दूसरा सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसके मोबाइल पर यूपीआई ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि उसके और उसकी मां के खाते से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरभाठा में अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और बैंक जानकारी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने संपत्ति संबंधी अपराधों का त्वरित निराकरण करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही गवाहों के बयान, बैंक से प्राप्त जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आधार की फोटो से निकाली बैंक खाते की रकम

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन चोरी किए। इसके बाद मोबाइल में मौजूद गैलरी और एल्बम की जांच कर आधार नंबर की फोटो से आवश्यक जानकारी हासिल की।

आरोपियों ने कथित तौर पर इसी जानकारी का इस्तेमाल कर फोन-पे, पेटीएम सहित अन्य यूपीआई सेवाओं को रिसेट किया और बैंक खातों से रकम निकाल ली। पुलिस के मुताबिक निकाली गई रकम का एक हिस्सा अन्य आरोपियों के खातों में ट्रांसफर किया गया, जबकि कुछ रकम ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर डाली गई। इसके अलावा चोरी की रकम से खाने-पीने, कपड़े खरीदने और कार में घूमने सहित अन्य खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार का मशरूका जब्त

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह 24 दिन), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह 5 दिन) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) शामिल हैं। सभी चकरभाठा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

आरोपियों के कब्जे से दो वीवो मोबाइल, एक पोको मोबाइल, एक आईफोन, एक पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

थाना चकरभाठा पुलिस की अपील

थाना चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना में सूचना दें। पुलिस ने लोगों को मोबाइल फोन में बैंकिंग एवं यूपीआई से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रखने तथा आधार कार्ड सहित व्यक्तिगत दस्तावेजों की फोटो अनजान लोगों के हाथ न लगने देने के प्रति भी सतर्क रहने की आवश्यकता बताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!