सेवा संकल्प अभियान : 10 वार्डों पर एक सेवा सेतु शिविर, आवेदनों का होगा समयबद्ध निराकरण
357 शिविर आयोजित, नागरिकों की सुविधा के लिए 1136 हेल्पडेस्क और काउंटर लगाए गए
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा की अपील— तय तारीख पर शिविर पहुंच कर योजनाओं और नगरीय सेवाओं का लाभ लें नागरिक

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के दौरान नगरीय निकायों में हर 10 वार्डों पर एक सेवा सेतु शिविर आयोजित कर शासकीय योजनाओं और नगरीय सेवाओं को नागरिकों के और नजदीक पहुंचाया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके घर के पास सुगम तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। सेवा सेतु शिविरों में आवेदन दर्ज करने से लेकर संबंधित विभाग तक पहुंचाने और निराकरण की कार्यवाही की जा रही है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने नागरिकों से अपने क्षेत्र में निर्धारित तिथि पर आयोजित सेवा सेतु शिविर में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं और नगरीय सेवाओं से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर चुके नागरिकों को भी अपने आवेदन की जानकारी और आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचने को कहा है, ताकि उन्हें उसकी स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
प्रदेशभर के नगरीय निकायों में आयोजित हो रहे सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलने वाले आवेदनों का पंजीयन किया जा रहा है। पहले से ऑनलाइन मिले आवेदनों को भी संबंधित प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। पंजीयन के बाद आवेदन संबंधित विभाग को भेजकर निराकरण की कार्यवाही की जा रही है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर ने अधिकारियों को हर 10 वार्डों के लिए एक शिविर आयोजित करने और वहां प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और नागरिकों को नगरीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है।
नगरीय निकायों में शिविरों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। संबंधित वार्डों के नागरिक और लाभार्थी तय दिन शिविर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। उनकी सहायता के लिए विभिन्न विभागों के काउंटर और हेल्पडेस्क बनाए गए हैं। यहां सेवा की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और आवेदन से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है।
शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, पेयजल एवं विद्युत सेवाओं सहित विभिन्न शासकीय और नगरीय सेवाओं का लाभ लेने सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण-पत्र, सफाई सहित अन्य नगरीय सेवाओं से जुड़े मामलों को स्थानीय स्तर पर लेकर संबंधित विभाग उनके निराकरण की कार्रवाई कर रहे हैं।
राज्य के विभिन्न नगरीय निकायों में 24 सितम्बर तक 357 शिविर आयोजित किए गए हैं। इनमें नगर निगम क्षेत्र के 120, नगर पालिका क्षेत्र के 112 और नगर पंचायत क्षेत्र के 125 शिविर शामिल हैं। लोगों की सुविधा के लिए इनमें 1136 हेल्पडेस्क एवं काउंटर की व्यवस्था की गई थी। इन शिविरों में 4241 जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके क्षेत्र के नजदीक सेवाएं उपलब्ध कराने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
