अमरकंटक–गौरेला टैक्सी विवाद सुलझा:
एकीकृत दर सूची लागू , पारदर्शिता की ओर बड़ा कदम
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में पिछले सप्ताह से जारी टैक्सी विवाद का शनिवार को समाधान निकल आया । आज दिन शुक्रवार को नगर पंचायत सभागार में एसडीएम पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में अमरकंटक व छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा क्षेत्र के टैक्सी चालकों के बीच चला आ रहा तनाव सौहार्दपूर्वक समाप्त हो गया ।

बैठक में एसडीएम पेंड्रा रोड विक्रांत कुमार अंचल , एसडीओपी पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी , एसडीओपी गौरेला श्याम कुमार सिदार , SHO सौरभ सिंह , थाना प्रभारी अमरकंटक लाल बहादुर तिवारी व अन्य अधिकारी , पत्रकार तथा बड़ी संख्या में वाहन मालिक–चालक उपस्थित रहे ।
पर्यटन प्रभावित यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
विवाद के कारण कई दिनों से अमरकंटक–पेंड्रा रोड के बीच टैक्सियों का संचालन लगभग ठप था ।
पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले पर्यटक , तीर्थयात्री तथा अमरकंटक से पेंड्रा आने-जाने वाले स्थानीय लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए ।
पर्यटन नगरी की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ा ।
मामला मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया ।
वन-वे प्रणाली पर सहमति , तनाव हुआ समाप्त
बैठक में दोनों क्षेत्रों के चालकों ने अपनी-अपनी समस्याएँ सामने रखीं ।
अमरकंटक के चालकों ने स्टेशन पर सवारियों की छीना-झपटी , अलग-अलग दरों पर विवाद और स्थानीय चालकों के हस्तक्षेप को मुख्य कारण बताया ।
लंबी चर्चा के बाद प्रशासन द्वारा वन-वे टैक्सी प्रणाली लागू करने पर दोनों पक्षों की सहमति बनी—
पेंड्रा के वाहन – पेंड्रा से सवारी भरकर अमरकंटक ला सकेंगे , पर वापसी में सवारी नहीं उठाएँगे ।
अमरकंटक के वाहन –
अमरकंटक से यात्रियों को पेंड्रा रेलवे स्टेशन तक छोड़ सकेंगे लेकिन स्टेशन से सवारी नहीं लेंगे ।
पूर्व-निर्धारित निजी बुकिंग , पारिवारिक यात्रा और टूर पैकेज पहले की तरह यथावत रहेंगे ।
सहमति बनते ही दोनों क्षेत्रों में आवागमन पुनः सामान्य हो गया ।
एकीकृत पर्यटन दर सूची लागू, वाहनों पर प्रदर्शन अनिवार्य
बैठक में अमरकंटक के पर्यटन स्थलों , परिक्रमा मार्ग और स्थानीय भ्रमण हेतु एक समान पर्यटन दर सूची भी स्वीकृत की गई ।
टैक्सी यूनियन अध्यक्ष आदित्य जायसवाल द्वारा प्रस्तुत दर सूची को एसडीएम ने अनुमोदित किया और आदेश दिया —
हर टैक्सी वाहन को अपनी गाड़ी के आगे दर सूची चस्पा करना अनिवार्य होगा ।
निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने पर चालक के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी ।
सिर्फ वाहनों पर ही नहीं , बल्कि अमरकंटक के सभी होटल , आश्रम , धर्मशालाएँ और आवासीय संस्थान भी इस दर सूची को अपने परिसर में प्रदर्शित करेंगे ताकि पर्यटकों को सही जानकारी मिल सके और भ्रम की स्थिति न बने ।
उल्लंघन पर जुर्माना और वाहन जब्ती
प्रशासन ने दोनों यूनियनों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सहमति से बने नियमों का पालन अनिवार्य है ।
उल्लंघन की स्थिति में—
₹2100 अर्थदंड तथा अधिकतम सात दिन की वाहन जब्ती की कार्रवाई लागू होगी ।
पारदर्शिता और व्यवस्था की नई शुरुआत
प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था से न केवल विवाद समाप्त हुआ है बल्कि अमरकंटक की पर्यटन सेवाएँ अब अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी होंगी ।
स्थानीय प्रशासन, टैक्सी यूनियनों और पर्यटन व्यवसायियों के सहयोग से क्षेत्र में पर्यटन-अनुकूल माहौल पुनः स्थापित हो गया है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




