उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का विमोचन
27 नवंबर से 3 दिसंबर तक सजेगा व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का महाकुंभ
मुंगेली। जिले के बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मेले के ब्रॉशर का विमोचन किया। पिछले दस वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा ‘मुंगेली का त्योहार’ इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सात दिवसीय यह भव्य मेला 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के प्रतिनिधिमंडल ने न्यू सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मेले का आमंत्रण पत्र सौंपकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

ब्रॉशर विमोचन के दौरान आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव सहित सूरज मंगलानी, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, कोमल चौबे, संदीप सिंह और राहुल मल्लाह उपस्थित रहे।

स्थानीय व्यापार और उद्यमियों को मिलेगा मंच
लगातार दस वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर चुका मुंगेली व्यापार मेला जिले की पहचान बन चुका है। यह आयोजन व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्यमियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, महिला स्व-सहायता समूहों और नए व्यवसायियों को अपने उत्पादों तथा प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर देता है। मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और जिले में व्यापारिक संभावनाओं को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वर्ष मेले में देशभर के विभिन्न उत्पादों के साथ हस्तशिल्प, टेराकोटा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बस्तर आर्ट, महिला गृह उद्योग, हर्बल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल तथा लघु-कुटीर उद्योगों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे आम नागरिक योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन भी होंगे आकर्षण
व्यापारिक गतिविधियों के साथ मेले में प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। झूला घर और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियां बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचेंगे। मुंगेली व्यापार मेला न केवल खरीदारी और मनोरंजन का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ जिले में सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा देगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
