जिला,प्रदेश,राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन में प्रतिभा का प्रदर्शन कर बढ़ाया नगर का मान,दिल्ली में हाल ही में छत्तीसगढ़ का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
मुंगेली । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बी.आर. साव स्कूल परिसर स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में सोमवार को आयोजित राज्योत्सव समारोह में नगर की उभरती हुई खेल प्रतिभा हर्ष शर्मा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं नगर विधायक तथा पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने हर्ष शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके खेल कौशल और उपलब्धियों की सराहना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में हर्ष का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय,भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह ठाकुर,नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,कलेक्टर अमृत विकास तोपनो,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल,जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि हर्ष शर्मा मुंगेली नगर के एक होनहार एवं उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर जिला,प्रदेश,राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने अनेक पुरस्कार एवं उपलब्धियां अपने नाम की हैं। उनकी इस खेल यात्रा ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मुंगेली नगर और जिले को गौरवान्वित किया है।

हर्ष की खेल उपलब्धियों का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। हाल ही में देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में भी उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और अपने खेल कौशल का परिचय दिया। सीमित संसाधनों और लगातार अभ्यास के बीच अपनी प्रतिभा को निखारते हुए हर्ष ने जिस तरह खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है, वह नगर के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
राज्योत्सव जैसे जिला स्तरीय आयोजन में हर्ष शर्मा को सम्मानित किए जाने से खेल प्रेमियों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इस सम्मान को मुंगेली की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों में प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मान मिलने से युवाओं का उत्साह बढ़ता है और वे भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
वहीं हर्ष शर्मा के पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार योगेश शर्मा ने अपने पुत्र को राज्योत्सव के गरिमामय मंच पर सम्मानित किए जाने पर शासन-प्रशासन एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हर्ष की मेहनत और लगन के साथ-साथ उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाला है।
हर्ष शर्मा को मिले इस सम्मान पर नगरवासियों,खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
