मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भटगांव की पंथी पार्टी की प्रस्तुति को सराहा, फूलमाला पहनाकर किया सम्मानित
मुंगेली। ग्राम कंतेली में 13 नवंबर को आयोजित 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह में भटगांव की प्रसिद्ध पंथी नृत्य पार्टी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पंथी नृत्य की प्रस्तुति देखकर प्रसन्न हुए और उन्होंने फूलों की माला पहनाकर भटगांव पंथी पार्टी का सम्मान किया। साथ ही आगामी गुरु घासीदास जयंती पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर लोक सांस्कृतिक खेल एवं मानव कल्याण समिति पंथी पार्टी भटगांव, जिला मुंगेली के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पंथी पार्टी के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य कला और सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

पांच बार राज्य स्तरीय पुरस्कार से हो चुकी है सम्मानित

भटगांव पंथी पार्टी की उपलब्धियां जिले के लिए गौरव का विषय हैं। पार्टी अब तक पांच बार राज्य स्तरीय पंथी नृत्य पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। इसके अलावा देश के कई राज्यों में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे चुकी है। पार्टी को 300 से अधिक स्थानीय एवं सामाजिक पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से यह टीम लगातार मुंगेली जिले का नाम रोशन कर रही है।
मुख्यमंत्री से मिले सम्मान और प्रोत्साहन पर पार्टी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पंथी नृत्य कला को सम्मान देना पूरी टीम के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इससे कलाकारों का उत्साह बढ़ा है और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू तथा विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं धर्मजीत सिंह सहित जिले के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
भटगांव पंथी पार्टी की ओर से अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा के साथ नरोत्तम घृतलहरे, गौकरण घृतलहरे, रामनिवास जांगड़े, कांता जांगड़े, प्रदीप ओगरे, घनश्याम ओगरे, पप्पू ओगरे, विनोद टंडन, अनीश ओगरे, जीवन जोशी, कमल कोशले, सोनू चतुर्वेदी, गौतम ओगरे एवं दुखुलाल सहित कलाकार उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
