जनजातीय गौरव की विरासत से सशक्त भविष्य की ओर
छत्तीसगढ़ में जनजातीय महिलाओं और बेटियों के सम्मान, प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने प्रयास

•डॉ. दानेश्वरी संभाकर
(उप संचालक)

रायपुर । जनजातीय गौरव दिवस हमें अपनी समृद्ध विरासत और उन जननायकों के अदम्य साहस को स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, समाज सुधार और जनकल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, वीर गुण्डाधुर और रानी दुर्गावती का संघर्ष, स्वाभिमान और त्याग हमारी साझा धरोहर है। उनके जीवन से हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और समाज के हर वर्ग को सम्मान देने की प्रेरणा मिलती है। जनजातीय समाज की महिलाएँ अपनी परंपराओं, परिवारों और समुदायों की मजबूत आधारशिला रही हैं। आज वे शिक्षा, खेल, कला, आजीविका और नेतृत्व सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
कोंडागांव जिले के बालिका गृह की दो जनजातीय बालिकाओं को पिछले दो वर्षों में खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाना इस प्रतिभा और संकल्प का प्रेरक उदाहरण है। उनकी उपलब्धि बताती है कि उचित अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं और जनजातीय परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में महतारी वंदन योजना से 20 लाख 28 हजार 803 जनजातीय महिलाएँ लाभान्वित हुई हैं। यह सहायता महिलाओं को अपनी तथा परिवार की जरूरतों के लिए निर्णय लेने में संबल देती है और उनकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत करती है। परिवारों के जीवन में बेटियों का विवाह एक महत्वपूर्ण और आनंद का अवसर होता है।
आर्थिक कठिनाइयाँ इस अवसर पर परिवारों के लिए चिंता का कारण न बनें, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहयोग दिया जा रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से 2,072 विवाह सम्पन्न हुए हैं, जिनमें लगभग 580 हितग्राही अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। यह पहल बेटियों के विवाह को गरिमा और सम्मान के साथ सम्पन्न कराने में परिवारों का सहारा बन रही है। हमारी जनजातीय परंपराओं में परिवार, समुदाय और परस्पर सहयोग का विशेष महत्व है। शासन की योजनाओं का उद्देश्य भी यही है कि सहायता जरूरतमंद लोगों तक पहुँचे और उनके जीवन में वास्तविक संबल बने। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आजीविका से जुड़े प्रयासों के साथ परिवारों को सामाजिक अवसरों पर सहयोग देना समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जनजातीय गौरव दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि अपनी गौरवशाली विरासत और जननायकों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाएँगे। जनजातीय समाज की बेटियों को शिक्षा, खेल, कौशल और रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना परिवार, समाज और शासन सभी की साझा जिम्मेदारी है।

विश्वास है कि जब बेटियाँ आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ेंगी, तो उनका योगदान पूरे समाज को नई दिशा देगा। जनजातीय गौरव का सच्चा सम्मान इसी में है कि हर बेटी को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले और वह अपने परिवार तथा प्रदेश की प्रगति में भागीदार बने।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
