मुख्यमंत्री श्री साय ने जिले को दी 465 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

0
IMG-20261113-WA1045

महाविद्यालय सहित 53 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और 24 विकास कार्यों का लोकार्पण

गांव, गरीब, किसान और युवाओं का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री श्री साय

किसानों को दी जाएगी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये आदान सहायता राशि

मुंगेली । जिले के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कंतेली में महाविद्यालय सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात से जिले में शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता पद्मिनी मोहले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज जिन विकास कार्यों की सौगात जिले को मिली है, उनसे सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत के 25 सड़क विकास कार्यों तथा अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने ग्राम कंतेली में पंचायत भवन एवं महाविद्यालय भवन, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका और ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत निर्माण की घोषणा भी की।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्रों सहित प्रदेशभर में कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए धान की निर्धारित पूरी मात्रा का विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी किसानों को सत्यापित रकबे के आधार पर निर्धारित पात्रता के अनुसार सहायता राशि का लाभ मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 33 किश्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों को अयोध्या दर्शन कराने की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक इस नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इसके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे प्रमाण पत्र प्राप्त करने की सुविधा तथा सभी ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र के जरिए डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिल सकती है तथा योजना के तहत सरकार द्वारा सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने जिलेवासियों को विकास कार्यों की सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि

जिले में विकास की बयार बह रही है। सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। मुंगेली विधायक श्री मोहले ने भी जिले में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि आज के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के माध्यम से जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाले अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को बेहतर सड़क, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों से जिला विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। आज जिन कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को 02-02 आइस बॉक्स एवं महाजाल प्रदान किया गया। वहीं 07 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को 50 हजार रुपये का चेक, 03 हितग्राहियों को पीएम आवास की प्रतिकात्मक चाबी, वीबीजी-रामजी के तहत आजीविका डबरी के 04 हितग्राहियों को सम्मानित प्रदान किया गया। इसके अलावा अन्य हितग्राहियों को भी सामग्री वितरित की गई। कंतेली महाविद्यालय के विद्यार्थियों का बैच पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, विक्रम मोहले, भूपेंद्र सिंह, चोवादास खांडेकर, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,सुनील पाठक,आशीष मिश्रा,अमितेश आर्य,नितेश भारद्वाज,उमाशंकर साहू,राकेश साहू,पवन पाण्डेय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!