भाजपा संगठन में बड़ा निर्णय, नितिन नवीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष


नई दिल्ली/रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस आशय का औपचारिक आदेश पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी किया गया है।
भाजपा की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संसदीय बोर्ड के निर्णय के अनुरूप नितिन नवीन को यह महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।


पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन संगठन और सरकार दोनों में अनुभव रखने वाले नेता हैं। बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ संगठनात्मक समन्वय में भी अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

इस नियुक्ति की प्रतिलिपि सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रदेश महामंत्रियों (संगठन) को सूचना हेतु भेजी गई है। वहीं, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) को भी इसकी जानकारी दी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से अहम मानी जा रही है। नितिन नवीन की नई भूमिका से पार्टी के राष्ट्रीय संगठन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



