भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा में किया संगठनात्मक विस्तार, बिलासपुर शहर और ग्रामीण को मिली अलग-अलग जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

0
Screenshot_20251220_202702.jpg

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की है। यह सूची भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  किरण सिंह देव की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जनाब मखमूर इक़बाल खान द्वारा जारी की गई।

जारी सूची में संगठनात्मक कसावट और बेहतर समन्वय को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर जिले को दो भागों—बिलासपुर शहर और बिलासपुर ग्रामीण—में विभाजित किया गया है। इसके तहत
बिलासपुर शहर से मोहम्मद हनीफ को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं
बिलासपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी वरिष्ठ व निष्ठावान कार्यकर्ता मुशरफ खान को सौंपी गई है।

15 वर्षों से संगठन के लिए समर्पित हैं मुशरफ खान

नव नियुक्त जिलाध्यक्ष मुशरफ खान को बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला का कट्टर समर्थक एवं संगठन के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। वे पिछले लगभग 15 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते आ रहे हैं।

अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में करते हुए मुशरफ खान ने कई वर्षों तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान की। उनकी कार्यक्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें बेलतरा शहरी मंडल अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

मंडल से जिला स्तर तक संगठन को दी मजबूती

मंडल अध्यक्ष रहते हुए मुशरफ खान ने क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा को जमीनी स्तर पर सशक्त किया। इसके पश्चात उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जहाँ उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने लोकसभा, विधानसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों में वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने और संगठन को मजबूती देने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

मेहनत और निष्ठा का मिला फल

मुशरफ खान की यह नियुक्ति उनकी वर्षों की मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि उनकी नियुक्ति में बेलतरा विधायक एवं वरिष्ठ नेता सुशांत शुक्ला की अनुशंसा के साथ-साथ उनकी निरंतर संगठनात्मक भूमिका को भी प्रमुखता से ध्यान में रखा गया।

नियुक्ति से संगठन में उत्साह

युवा वर्ग में विशेष रूप से लोकप्रिय, सरल स्वभाव और सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले नेता के रूप में पहचाने जाने वाले मुशरफ खान को न केवल अल्पसंख्यक समाज बल्कि सभी वर्गों का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

उनकी नियुक्ति से अल्पसंख्यक मोर्चा के साथ-साथ भाजपा, युवा मोर्चा एवं अन्य सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि मुशरफ खान के नेतृत्व में बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्राप्त होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!