सहज धान खरीदी व्यवस्था से किसान संतोष रात्रे को मिला लाभ, बिना परेशानी बेचा धान, बढ़ी आमदनी


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा — कबीरधाम जिले में इस वर्ष धान खरीदी की व्यवस्था सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। ग्राम लिमो निवासी किसान संतोष कुमार रात्रे ने कवर्धा स्थित धान खरीदी केंद्र में बिना किसी परेशानी के अपना धान बेचकर सहज व्यवस्था का अनुभव किया।


किसान संतोष रात्रे के पास लगभग 3.80 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें उन्होंने इस वर्ष धान की खेती की थी। वे बताते हैं कि इस बार समय पर खाद और बीज उपलब्ध होने से खेती बेहतर रही और फसल भी अच्छी हुई। उनका कहना है कि अब धान की खेती पहले की तुलना में अधिक लाभकारी हो गई है, क्योंकि आवश्यक कृषि सामग्री आसानी से मिल जाती है।

इस वर्ष संतोष रात्रे ने 78.20 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र में बेचा। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में टोकन व्यवस्था बेहद सरल है। उन्होंने ऑफलाइन माध्यम से सीधे खरीदी केंद्र पहुंचकर टोकन लिया और निर्धारित तिथि पर बिना किसी परेशानी के धान विक्रय किया।
खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बैठने की व्यवस्था, टोकन प्रणाली और माइक्रो एटीएम जैसी सुविधाओं के चलते धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। धान बेचते ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो जाती है और राशि सीधे बैंक खाते में जमा हो रही है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिल रही है।
छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धान खरीदी को सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल किया गया है। वर्तमान में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। इससे किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे खुद को पहले से अधिक आर्थिक रूप से सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



