विधवा महिला की बेरहमी से पिटाई, कपड़े फाड़ गांव में घुमाया

प्रेम-प्रसंग को लेकर अमानवीय कृत्य, आरोपी हिरासत में

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गौरेला थाना क्षेत्र के खोडरी चौकी अंतर्गत एक गांव में 35 वर्षीय विधवा महिला के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसके कपड़े फाड़कर उसे गांव की गलियों में घुमाया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता के पति का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। इसके बाद महिला का गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। सामाजिक दबाव और लोकलाज के चलते दोनों दिसंबर माह में गांव छोड़कर मध्यप्रदेश के शहडोल जिले चले गए थे। इस दौरान परिजनों द्वारा गौरेला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।


बताया गया कि शुक्रवार को दोनों के गांव लौटने के बाद विवाद गहरा गया। मामला खोडरी चौकी तक पहुंचा, जहां महिला ने संबंधित व्यक्ति के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके अगले दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे उक्त व्यक्ति की पत्नी व उसके परिजन महिला के घर पहुंचे और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर महिला को बाहर खींचा, चप्पलों से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद उसे पीटते हुए गांव की गलियों, मुख्य मार्ग और चौराहे तक घुमाया गया। घटना को देख कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल महिला को उपचार एवं बयान के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



