IMG-20260203-WA1181.jpg

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया मैच का शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

कवर्धा | बोड़ला विकासखंड के ग्राम कुकरापानी में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने फीता काटकर किया। शुभारंभ अवसर पर खेल मैदान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से खचाखच भरा रहा, जहां ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और उनकी छिपी प्रतिभा को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। गांव-गांव में खेल मैदानों के विकास, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और पढ़ाई व खेल के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है और युवाओं में आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!