मुंगेली में अवैध निर्माण पर सख्ती की मांग दो वर्षों से नियम विरुद्ध भवन व कॉलोनियों से नगर पालिका को राजस्व नुकसान पार्षद अजय साहू ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन


मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र में बीते दो वर्षों से लगातार हो रहे नियम विरुद्ध अवैध निर्माण को लेकर अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड पार्षद अजय साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को लिखित आवेदन सौंपते हुए अवैध भवनों और अवैध कॉलोनियों में किए गए निर्माण कार्यों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद अजय साहू ने आवेदन में उल्लेख किया है कि नगर क्षेत्र में बिना अनुमति के बनाए जा रहे भवनों और अवैध कॉलोनियों के कारण नगर पालिका परिषद को भारी राजस्व हानि उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद अब तक जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नियमों की अनदेखी करने वालों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।


आवेदन में यह भी कहा गया है कि अवैध कॉलोनियों में सीसी सड़क और नालियों जैसे निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जो नगर पालिका अधिनियम एवं नगर नियोजन नियमों का सीधा उल्लंघन है। ऐसे निर्माण भविष्य में शहर की आधारभूत सुविधाओं, जल निकासी व्यवस्था और नियोजित विकास के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न कर सकते हैं।

पार्षद ने सीएमओ से आग्रह किया है कि विगत दो वर्षों में हुए सभी अवैध निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि नगर पालिका के राजस्व की रक्षा हो सके और शहर में कानून व्यवस्था एवं नियोजन बना रहे।
अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कितनी शीघ्रता और प्रभावशीलता से कार्रवाई करता है।


The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



