पीएम स्कूल के विद्यार्थियों ने किया मत्स्य महाविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । पीएम स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय कबीरधाम के कक्षा ग्यारहवीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने विज्ञान ज्योति परियोजना के अंतर्गत स्वर्गीय पुनाराम निषाद मत्स्य महाविद्यालय कवर्धा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को मत्स्य विज्ञान के क्षेत्र में चल रहे अनुसंधान, तकनीकी कार्यों एवं व्यावहारिक गतिविधियों से परिचित कराना था।
यह शैक्षणिक भ्रमण प्राचार्य एन. के. लांजेवार के मार्गदर्शन में तथा श्रवण कुमार रसायन विज्ञान, विनीता देवांगन प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक विज्ञान एवं शुभम गर्ग स्नातकोत्तर शिक्षक जीवविज्ञान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। महाविद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन जल कृषि विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दुष्यंत कुमार दामले द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने मत्स्य स्वास्थ्य संरक्षण एवं उपचार विभाग, जलीय पर्यावरण प्रबंधन विभाग, मत्स्य प्रजनन, बीज उत्पादन एवं हैचरी, सामुदायिक आधारित व्यवसाय संगठन विभाग तथा मत्स्य संसाधन प्रबंधन विभाग का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष प्रशिक्षण एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों और व्यावहारिक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों से संवाद के जरिए विद्यार्थियों ने मत्स्य विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं तथा सामुदायिक आधारित व्यवसाय मॉडल के विषय में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इससे उनकी वैज्ञानिक दृष्टि, अनुसंधान क्षमता और व्यावहारिक समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। विद्यार्थियों ने इस अवसर के लिए महाविद्यालय के डीन एवं समस्त संकाय सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




