ई-ऑफिस से प्रशासनिक कामकाज को मिलेगी रफ्तार, पारदर्शिता होगी मजबूत कलेक्टर के मार्गदर्शन में एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फाइल मूवमेंट, ई-एचआरएमएस व स्पैरो पोर्टल की दी गई जानकारी
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा । जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर के मार्गदर्शन में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ई-ऑफिस का एक दिवसीय प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत डिस्पैच, पत्राचार, नोटशीट, डिजिटल सिग्नेचर और फाइल ट्रैकिंग सिस्टम के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ई-एचआरएमएस के माध्यम से सेवा पुस्तिका, अवकाश, पदस्थापना एवं अन्य कार्मिक विवरण के ऑनलाइन प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई गई। स्पैरो पोर्टल के जरिए वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) प्रविष्टि, मूल्यांकन और अचल संपत्ति विवरण प्रस्तुत करने संबंधी बिंदुओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस से कार्यालयीन प्रक्रियाएं पेपरमुक्त होंगी, समय की बचत होगी और पारदर्शिता के साथ निर्णय प्रक्रिया मजबूत होगी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर , जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित राज्य शासन के मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी ने ई-ऑफिस के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




