कालीबाड़ी–नेहरू नगर में सूखे नशे का अवैध साम्राज्य ध्वस्त
31 अपराधों वाला फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरफ्तार, हथियार व भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत को बड़ी सफलता मिली है। कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय संगठित नशा नेटवर्क को पुलिस ने निर्णायक रूप से ध्वस्त करते हुए फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया को उसके भाई संजू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई डीसीपी क्राइम एवं साइबर तथा डीसीपी सेंट्रल जोन की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई।

24 फरवरी की कार्रवाई से खुला नशा नेटवर्क का 8सिरा
पुलिस के अनुसार इस बड़े नेटवर्क का खुलासा 24 फरवरी 2026 को हुआ, जब ने नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक गुप्त ठिकाने पर दबिश दी गई, जहां से करीब 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए। यह ठिकाना पुलिस से बचने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस पाया गया।

नरेश्वर मंदिर के पास दबिश, सरगना गिरफ्तार
इसी कड़ी में 25–26 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर की सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी। मौके से कुख्यात सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू पकड़े गए। तलाशी में दोनों के कब्जे से करीब 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, अल्प्राजोलम की 2400 नशीली गोलियां और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
अपराधों का लंबा इतिहास, कई राज्यों में बदल रहा था ठिकाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुकेश बनिया लंबे समय से फरार था और मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व ओडिशा में लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडागर्दी, बलवा, मारपीट, अवैध शराब बिक्री और एनडीपीएस एक्ट समेत 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई संजू पर भी आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी सहित 15 से अधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं।

कड़ी धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की पतासाजी जारी है। पूछताछ में मिली नई जानकारियों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जाएगी।
सूखे नशे पर शून्य सहनशीलता
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि सूखे नशे के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत आगे भी ऐसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




