सराफा कारोबारियों की सुरक्षा पर पुलिस का फोकस, चांपा में हुई अहम बैठकसीसीटीवी, सायरन और मजबूत शटर अनिवार्य, संदिग्ध पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील

0
IMG-20260226-WA0953

जांजगीर-चांपा। जिले में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार को एक अहम बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह बैठक एसडीओपी कार्यालय चांपा में आयोजित की गई, जिसमें जिले के सराफा व्यवसायी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने की। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ज्वेलरी दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने, मजबूत शटर और सुरक्षित लॉकर अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए।

सीएसपी ने कहा कि दुकानों में सायरन सिस्टम भी लगाया जाए, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत आसपास के लोग और पुलिस सतर्क हो सके। इसके साथ ही व्यापारियों को सलाह दी गई कि वे अपने आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सराफा व्यापारी अकेले बाजार में दुकान लगाने या बंद करने न जाएं। आते-जाते समय रास्ते में अनावश्यक रूप से रुकने से बचें और हमेशा सतर्कता बरतें। पुलिस ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन इसमें व्यापारियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित पेट्रोलिंग, निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक के दौरान सराफा व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर पुलिस ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!