ऑपरेशन शंखनाद का असर: रायगढ़ में गौवंश तस्करी पर करारा प्रहार, 7 तस्कर गिरफ्तार, 18 मवेशी सुरक्षित

0
IMG-20260304-WA1387

रायगढ़। रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशों पर घरघोड़ा और लैलूंगा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 मवेशी तस्करों को गिरफ्तार कर 18 गौवंश को तस्करी से मुक्त कराया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो पिकअप वाहनों को भी जब्त किया गया है।

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
पुलिस को 2 मार्च 2026 को सूचना मिली कि ग्राम कुडूमकेला क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों के जरिए गौवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों को रोका। जांच में पाया गया कि वाहनों में 10 बैल रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे और उन्हें बिना चारा-पानी के निर्दयतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने आत्माराम चौहान, शंभुसाय पैंकरा (जिला जशपुर), संतोष कुमार राठिया, विजय कुमार मांझी एवं बुधराम राठिया (जिला रायगढ़) को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10 गौवंश, 10 रस्सियां और दो महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त किए गए। पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण कर गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।



लैलूंगा पुलिस की सतर्कता से दूसरी सफलता
इसी क्रम में 3 मार्च 2026 को होली पर्व की ड्यूटी के दौरान लैलूंगा थाना पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति कच्चे रास्ते से 8 गौवंश को मारते-पीटते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर गोपी यादव और सुकरू लकड़ा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 1.20 लाख रुपये मूल्य के 8 गौवंश जब्त किए गए। इस प्रकरण में भी पशु परिरक्षण एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अवैध गोवंश परिवहन करने वालों पर लगातार अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से गौवंश तस्करों में हड़कंप मचा है, वहीं आमजन ने पुलिस की तत्परता और सख्ती की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!