वृद्धाश्रम पहुंचे एसएसपी शशि मोहन सिंह, बुजुर्गों का कुशलक्षेम पूछकर दी होली की शुभकामनाएं “आशा प्रशामक देखभाल गृह” में पुलिस अधिकारियों का आत्मीय स्वागत, सीनियर सिटीजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई
रायगढ़। होली पर्व के अवसर पर रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह शुक्रवार को थाना जूटमिल क्षेत्र स्थित वरिष्ठ नागरिकों के देखभाल केंद्र “आशा प्रशामक देखभाल गृह” पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।
आश्रम पहुंचने पर सेवा कार्य में लगे युवाओं और स्टाफ ने एसएसपी शशि मोहन सिंह का फूलों से आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और उनके स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से जुड़ी जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि रायगढ़ की सामाजिक संस्था “रिहैब फाउंडेशन” द्वारा इस आश्रम का संचालन किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से यह आश्रम श्रीमती जस्सी फिलिप्स की देखरेख में संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि “रिहैब फाउंडेशन” छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त संस्था है। विशेष अवसरों और त्योहारों पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी यहां पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात करते हैं और उनका उत्साह बढ़ाते हैं।
श्रीमती जस्सी फिलिप्स ने एसएसपी के आश्रम पहुंचने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अवसरों पर अधिकारियों का आना आश्रम में रह रहे वरिष्ठजनों के लिए खुशी और सम्मान की अनुभूति कराता है।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की सीनियर सिटीजन सेल बुजुर्गों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में कई संस्थाएं वरिष्ठ नागरिकों की सेवा में लगी हुई हैं, लेकिन अपने बुजुर्गों की देखभाल करना हम सभी का पहला कर्तव्य है।
उन्होंने आश्रम में मौजूद सभी वरिष्ठजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए कहा कि यदि उन्हें पुलिस विभाग से किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो वे निःसंकोच बताएं, पुलिस हर संभव मदद के लिए तैयार है।
इस दौरान आश्रम संचालिका जस्सी फिलिप्स ने एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड परिजनों द्वारा नहीं दिए जाने की जानकारी एसएसपी को दी। इस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को संबंधित महिला को आधार कार्ड उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने यह भी कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी हर त्योहार समाज के हर वर्ग के साथ मिलजुल कर मनाएगी और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह सहित थाना जूटमिल का पुलिस स्टाफ भी उपस्थित रहा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




