शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात: सरकंडा पुलिस ने घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 7 मार्च 2026 को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान कॉलेज में उसकी पहचान गौरव दुबे (21 वर्ष) से हुई, जो उससे लगातार बातचीत करता था।
आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर विश्वास में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी उसने जबरन संबंध बनाए और बाद में शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 331/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 89 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन/सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव दुबे, निवासी दीनदयाल कॉलोनी के पास मंगला, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर को 8 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




