बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को फंसाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेलिंग के आरोप में महिला गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में युवक को बच्चे की बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर षड्यंत्रपूर्वक आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना पचपेड़ी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि धुर्वाकारी निवासी रोशनी खुंटे ने उसे ब्लैकमेल कर जबरन रकम की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि 1 फरवरी 2026 की शाम रोशनी खुंटे ने अपने बेटे की बर्थडे पार्टी में प्रार्थी को बुलाया था।
बताया गया कि बर्थडे कार्यक्रम शाम को होना था, लेकिन प्रार्थी के पहुंचने से पहले ही आरोपी महिला ने घर के अन्य सदस्यों को बाहर भेज दिया। इस दौरान प्रार्थी की महिला मित्र भी वहां मौजूद थी। आरोप है कि रोशनी खुंटे ने दोनों को अपने बेडरूम में भेजकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा और कमरे में पहले से व्यवस्था कर मोबाइल छिपाकर पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपी महिला ने प्रार्थी को मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर एक लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना पचपेड़ी पुलिस ने आरोपी रोशनी खुंटे (28 वर्ष), पति करण खुंटे, निवासी हेडसपुर थाना पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा हाल मुकाम ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी जिला बिलासपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी पृथक से की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




